सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगरौली पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला।
शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगरौली पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा की उपस्थिति में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सड़कों पर उतरे। बैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, नियमित गश्त करने, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित प्रवेश-निकास और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील भी की गई। सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर देने की बात कही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।




