ग्वालियर। जिले के कंपू थाना क्षेत्र की ललितपुर कॉलोनी में पूर्व प्रेमिका द्वारा युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल धर्मेंद्र प्रजापति लहूलुहान हालत में खुद पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रीति प्रजापति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिले के कंपू थाना क्षेत्र की ललितपुर कॉलोनी में पूर्व प्रेम संबंधों को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। यहां मिलने से इनकार करने पर एक युवती अपने पूर्व प्रेमी के किराए के कमरे पर पहुंच गई। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने धारदार हथियार से युवक के चेहरे पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ युवक ने हिम्मत दिखाते हुए खुद पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, घायल धर्मेंद्र प्रजापति ने शिकायत में बताया कि उसकी पूर्व प्रेमिका प्रीति प्रजापति ने उसे मिलने के लिए फोन किया था। इनकार करने के बावजूद वह उसके कमरे पर पहुंच गई। करीब एक घंटे तक वहां रहने के बाद अचानक उसने चाकू से हमला कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक मौके पर पहुंचा और उसे बचाया। इसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दूसरी ओर, आरोपी महिला का कहना है कि पति की मौत के बाद वह धर्मेंद्र के संपर्क में आई थी। बाद में परिजनों ने उसकी दूसरी शादी करा दी, लेकिन उसके आरोप के अनुसार धर्मेंद्र उसे लगातार परेशान कर रहा था और उसकी शादीशुदा जिंदगी में विवाद पैदा कर रहा था। इसी संबंध में बात करने पहुंची महिला का युवक से विवाद हो गया। उक्त मामले मे घायल का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर महिला के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।




