सिंगरौली। जयंत कोयला खदान में दो ट्रेलर वाहनों की टक्कर में 30 वर्षीय चालक यादव नंदन कुशवाहा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक भकुआर का निवासी था और रेफेक्स कंपनी के लिए कोयला परिवहन का काम करता था।
जिले के जयंत कोयला खदान में दो ट्रेलर वाहनों की भीषण टक्कर में 30 वर्षीय चालक यादव नंदन कुशवाहा की दर्दनाक मौत हो गई। भकुआर निवासी यादव नंदन रेफेक्स कंपनी के लिए कोयला परिवहन का कार्य करता था। हादसे के बाद वह ट्रेलर के बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए अन्य चालकों और एनसीएल के सेफ्टी विभाग की टीम को करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण उसका ट्रेलर सामने या पास चल रहे दूसरे वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कांच तोड़कर और गैस कटर की मदद से केबिन की बॉडी काटी गई। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 3:30 बजे चालक को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उसे एनसीएल के नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक यादव नंदन पिछले तीन वर्षों से भारी मशीनरी चलाने का काम कर रहा था। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और एक बेटा शामिल हैं। वह परिवार का सबसे बड़ा बेटा और घर की आजीविका का प्रमुख सहारा था। उसकी मौत से परिवार के सामने दुख के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।




