भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने सोने की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करने का दावा किया है। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के बानपुर बॉर्डर इलाके में BSF की 32वीं बटालियन ने एक महिला को हिरासत में लेकर उसके पास से 15 किलो 607 ग्राम सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 करोड़ 95 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है।
लंबे समय तक निगरानी के बाद पकड़ी गई महिला
India Today की रिपोर्ट के अनुसार BSF को इलाके में सोने की संभावित तस्करी को लेकर इनपुट मिला था। इसके बाद 32वीं बटालियन के जवानों ने बानपुर सीमा क्षेत्र में निगरानी शुरू की।
Also Read
काफी समय तक नजर रखने के बाद जवानों को एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद उसे रोका गया और तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में सोना बरामद होने की बात सामने आई है।
15.607 किलो सोना, कीमत करीब 25 करोड़
BSF के अनुसार बरामद सोने का कुल वजन 15.607 किलोग्राम है। इसकी बाजार कीमत ₹24,95,56,090 आंकी गई है। यानी बरामद सोने की कीमत करीब ₹25 करोड़ बैठती है।
अन्य रिपोर्टों के मुताबिक बरामदगी में 125 सोने के बिस्किट शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। इतनी बड़ी बरामदगी ने सीमा पर सोने की तस्करी के नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
BSF ने बढ़ाई सीमा पर निगरानी
घटना के बाद BSF ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी और तेज करने की बात कही है। सीमा के संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि सोने की तस्करी की ऐसी कोशिशों को रोका जा सके।
महिला को पुलिस को सौंपा जाएगा
BSF अधिकारियों की पूछताछ के बाद महिला को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कृष्णगंज पुलिस को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस इस मामले में महिला की कथित भूमिका, सोने के स्रोत, संभावित नेटवर्क और खेप के अंतिम गंतव्य की जांच करेगी।




