सिंगरौली। जिले के खुटार पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नंबर का नीला स्वराज ट्रैक्टर और रेत से भरी ट्रॉली जब्त की है। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर रात के अंधेरे में फरार हो गया।
जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खुटार पुलिस ने बिना नंबर का नीला स्वराज ट्रैक्टर और रेत से भरी ट्रॉली जब्त की है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान चालक वाहन छोड़कर रात के अंधेरे में फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले में अपराध दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक सच्चिदानंद तिवारी और आरक्षक मनीष पाण्डेय रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सहोखर की ओर से रेत लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली खुटार-करहिया मार्ग से बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ ग्राम करहिया स्थित पीपल के पेड़ के पास पहुंची और वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा और अंततः ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बिना नंबर का स्वराज ट्रैक्टर और रेत से भरी ट्रॉली जब्त कर पुलिस चौकी खुटार परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया। इस मामले में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 317(2) में प्रकरण दर्ज कर जाँच मे जुट गई है।




