सिंगरौली, 17 फरवरी 2026 । कलेक्टर गौरव बैनल ने देवसर तहसील अंतर्गत उज्जैनी, बड़ोखर और बरगवां तहसीलदार कोर्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों की स्थिति देखकर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए।
सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने उज्जैनी, बड़ोखर और बरगवां तहसीलदार कोर्ट का औचक निरीक्षण किया। राजस्व प्रकरणों में लापरवाही पर नायब तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस और एक पटवारी को निलंबित किया गया।
लापरवाही पर नायब तहसीलदारों को नोटिस
निरीक्षण के दौरान राजस्व मामलों में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई की। प्रभारी नायब तहसीलदार बरगवां नागेश्वर पनिका और प्रभारी नायब तहसीलदार बड़ोखर दिनेश कुमार पनिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। दोनों अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पटवारी को किया गया निलंबित
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने बड़ा कदम उठाया। पटवारी हल्का देवरा अजमेर सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
नियमित सुनवाई के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों की प्रारंभिक सुनवाई नियमित रूप से की जाए। जिन मामलों में पटवारी द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है, उनके लिए पटवारियों की बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाती है, तो संबंधित पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
समय-सीमा में निराकरण अनिवार्य
कलेक्टर ने साफ कहा कि समय पर प्रकरणों का निराकरण न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण कर पालन प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाए।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।











