सिंगरौली। जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय शतरंज प्रशिक्षण कार्यशाला का आज गरिमामय समापन हुआ। यह कार्यशाला जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सिंगरौली चैस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की गई थी।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय शतरंज प्रशिक्षण कार्यशाला का गुरुवार को गरिमामय समापन हुआ। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और सिंगरौली चैस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। समापन समारोह में सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें विशेष चेस किट भी प्रदान की गई, जिससे वे आगे भी अभ्यास जारी रख सकें।
अपने संबोधन में सहायक कलेक्टर ने कहा कि शतरंज न केवल एक खेल है, बल्कि यह मानसिक विकास और निर्णय क्षमता को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास करने और डिजिटल माध्यमों जैसे यूट्यूब का उपयोग कर नई तकनीकें सीखने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए और शतरंज के प्रति उत्साह व्यक्त किया। सहायक कलेक्टर ने उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और शतरंज के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस के लिए प्रतिदिन किसी एक मैदानी खेल को अपनाने की भी प्रेरणा दी।






