सिंगरौली। युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने की दिशा में एनटीपीसी विंध्याचल ने एक और अहम कदम उठाया है। “मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना (MMSKY)” के तहत क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान, विंध्याचल में वार्षिक इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसमें 24 प्रशिक्षुओं ने अपने व्यावसायिक करियर की शुरुआत की।
युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान करने की दिशा में एनटीपीसी विंध्याचल ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना (MMSKY)” के अंतर्गत वार्षिक इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान, विंध्याचल में आयोजित किया गया, जिसमें 24 प्रशिक्षुओं ने भाग लेते हुए अपने व्यावसायिक सफर की शुरुआत की। उद्घाटन सत्र में प्रशिक्षुओं का स्वागत कर उन्हें ओरिएंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें उन्हें प्रशिक्षण की रूपरेखा, सीखने के अवसरों और उद्योग की आवश्यकताओं से अवगत कराया गया। यह कार्यक्रम युवाओं को व्यावहारिक अनुभव देकर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
उक्त अवसर पर अपर महाप्रबंधक (क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान) डॉ. देबस्मिता त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निरंतर सीखने और अपने कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षुओं के ऑनबोर्डिंग में शासकीय आईटीआई पचौर के प्राचार्य श्री श्याम लाल तथा टीपीओ श्री ओम प्रकाश वैश्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने इस पहल की महत्ता को और सुदृढ़ किया।











