सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के पिडरवाह चितरवई जंगल में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही पति ने की थी।
बरगवां पुलिस के अनुसार 17 मार्च को सूचना मिली थी कि जंगल में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है, जो लगभग 6-7 दिन पुराना था। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले सुराग, मोबाइल और अस्पताल रिकॉर्ड के आधार पर मृतका की पहचान मृत्तिका के रूप में हुई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को मृतका के पति जहरुद्दीन अंसारी पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने करीब 20 साल पहले दूसरी शादी कर ली थी, जिसके चलते पहली पत्नी मृत्तिका से लगातार विवाद होता था। घटना वाले दिन आरोपी अपनी पत्नी को मोटरसाइकिल से जंगल ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को जंगल में फेंक दिया और घर लौटकर सामान्य व्यवहार करता रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 238(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे 21 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।











