सिंगरौली। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 70 जोड़े एक-दूजे के जीवनसाथी बने। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
अटल सामुदायिक भवन बिलौजी मे खुशियों और उत्साह से सराबोर नजर आया, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत 70 जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। पूरे परिसर में मंगल गीत, हंसी-खुशी और उत्सव का माहौल बना रहा।
सामूहिक विवाह समारोह में सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर उनके सुखी दांपत्य जीवन की कामना की और आशीर्वाद दिया।
सामूहिक विवाह में नगर निगम क्षेत्र के 13 और जनपद पंचायत बैढ़न क्षेत्र के 57 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक तरीके से विवाह का अवसर उपलब्ध कराना रहा।











