सिंगरौली। जिले के कोतवाली क्षेत्र के सिद्धीकला गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हादसे में महिला और उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय बेटी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
जिले के सिद्धीकला गांव में शनिवार रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे महिला और उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
दरअसल सिद्धीकला निवासी अरुण कुमार बैस की पत्नी प्रमिला बैस (24) ने अपने पुत्र श्रवण (1) और पुत्री तान्वी (2) के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तीनों को तत्काल जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान प्रमिला और मासूम श्रवण ने दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में भर्ती तान्वी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बच्ची की स्थिति चिंताजनक बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में घरेलू कलह या पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





