सिंगरौली। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सिंगरौली के विकास और पर्यटन क्षमता को लेकर विधायक श्री रामनिवास शाह ने पुरजोर तरीके से क्षेत्र की आवाज बुलंद की। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान उन्होंने सिंगरौली की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
विधायक शाह ने कहा कि सिंगरौली में कई ऐसे आस्था केंद्र हैं, जहां श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंचती है, लेकिन वहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने विशेष रूप से शहर के बीच स्थित हनुमान मंदिर ट्रस्ट के जर्जर भवन का मुद्दा उठाते हुए इसके आधुनिक तरीके से पुनर्निर्माण की जरूरत बताई।
माडा की गुफाओं और लिलावर पहाड़ी का कायाकल्प- विधायक शाह ने सदन का ध्यान सिंगरौली की प्रसिद्ध माडा गुफाओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि इन गुफाओं का संबंध प्राचीन काल के ‘बालम राजा’ से जोड़ा जाता है और यहाँ गणेश मंदिर व विवाह माडा जैसी अद्वितीय संरचनाएं हैं। उन्होंने लिलावर पहाड़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि यहाँ पुराने किले और भवनों के अवशेष हैं। यदि सरकार इनका जीर्णोद्धार करती है, तो यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से एक बड़ा केंद्र बन सकता है।
गोविंद बल्लभ पंत सागर पर ‘बोट क्लब’ का प्रस्ताव- सिंगरौली के मुख्यालय बैढन के समीप स्थित रिहंद डैम (गोविंद बल्लभ पंत सागर) की क्षमता को रेखांकित करते हुए विधायक ने कहा कि जिला मुख्यालय से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर काफी मात्रा में भूमि उपलब्ध है। उन्होंने यहाँ एक बोट क्लब और विशाल पार्क स्थापित करने की माँग की। उन्होंने तर्क दिया कि इससे न केवल स्थानीय पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि यह रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।
धार्मिक धरोहरों का सम्मान और विकास- विधायक श्री शाह ने सिंगरौली के पौराणिक महत्व का जिक्र करते हुए बताया कि यह शृंगी ऋषि की तपोभूमि है और यहाँ रेणुका नदी के तट पर उन्होंने तपस्या की थी।
विधायक श्री शाह ने निम्नलिखित बिंदु भी उठाए:-
- चतुर्भुज मंदिर: विंध्य क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण मंदिर के पुजारी का मानदेय वर्ष 2008 (जिला बनने के बाद) से रुका हुआ है, जिसे बहाल करने का आग्रह किया गया।
- हनुमान मंदिर ट्रस्ट और जय स्तंभ: शहर के बीचों-बीच स्थित जय स्तंभ के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की आवश्यकता जताई।
- ज्वालामुखी माता: यूपी बॉर्डर पर स्थित इस प्रसिद्ध शक्तिपीठ के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही।
मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री का जताया आभार- विधायक शाह ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लाए गए बजट की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र में शुरू की गई हवाई यात्रा (PM श्री वायु सेवा) के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे सिंगरौली की कनेक्टिविटी सुधरी है, अब बस पर्यटन स्थलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की जरूरत है।






