सिंगरौली। जिले के जियावन थाना अंतर्गत कुदवार चौकी क्षेत्र में स्थित छूही खदान में धंसान से बड़ा हादसा हो गया। खदान धंसने के दौरान पांच लोग मलबे में दब गए, जिनमें दो नाबालिग मासूम बच्चियों और एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जिले मे रोज़ी-रोटी की तलाश में छूही निकालने गए लोगों पर मौत टूट पड़ी। जियावन थाना क्षेत्र की कुदवार चौकी अंतर्गत छूही खदान अचानक धंस गई। हादसे में दो नाबालिग मासूम बच्चियों और एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि खदान में छूही निकालने के दौरान अचानक मिट्टी और पत्थरों का भारी दबाव गिर पड़ा। देखते ही देखते पांच लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मृतक व घायल परसोहर और हर्हा गांव के निवासी हैं। घायलों को देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि खदान के भीतर और कोई व्यक्ति तो नहीं फंसा है। मृतक व घायल परसोहर और हर्हा गांव के निवासी हैं। घायलों को देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि खदान के भीतर और कोई व्यक्ति तो नहीं फंसा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध व असुरक्षित खदानें पहले भी जानलेवा साबित हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल जेसीबी मशीनों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।











